Bond Repair Treatment क्या होता है?


तुमने पहले शौक-शौक में ग्लोबल हेयर कलर कराया। फिर थोड़े दिन बाद मन ऊब गया तो हाइलाइट्स ले लिए।

फिर किसी कज़िन की शादी आ गई तो रिबॉन्डिंग या स्मूदनिंग करा ली। और इन सबके बाद जो कसर बची थी, उसे तुमने रोज़ सुबह उठकर 200 डिग्री सेल्सियस पर स्ट्रेटनर और कर्लिंग टॉन्ग्स चलाकर पूरी कर दी।

 नतीजा? आज तुम्हारे बाल इस दर्दनाक हाल में पहुँच चुके हैं कि जब तुम सुबह कंघी उठाते हो, तो ऐसा लगता है जैसे सिर पर बाल नहीं बल्कि सूखी घास का कोई ढेर लगा हो जिसे तुम ज़बरदस्ती काट रहे हो।

ऐसे में जब तुम डरकर और अपना सिर छुपाकर किसी बड़े सैलून में जाते हो, तो वहाँ के हेयर एक्सपर्ट यानी दीदी या भैया तुम्हारे बालों की एक लट को उंगलियों चेक करते है फिर वो एक बेहद गंभीर, डरावना और दुख भरा चेहरा बनाते हैं जैसे कोई बहुत बड़ी ट्रेजडी हो गई हो। इसके बाद वो अपनी जादुई स्क्रिप्ट का सबसे भारी शब्द फेंकते हैं, सर या मैम, आपके बाल तो अंदर से पूरी तरह डेड हो चुके हैं।

 इनका कॉर्टेक्स डैमेज है। अब तो सिर्फ Bond Repair Treatment ही इन्हें बचा सकता है। तुम भी उस वक्त इतने डरे होते हो कि बिना सोचे-समझे तुरंत हाँ कर देते हो। बिल्कुल वैसे ही जैसे डॉक्टर कुछ बोले और हम बिना समझे सिर हिला दें।

लेकिन मेरे भाई, पैसे सैलून वाले के नहीं, तुम्हारी जेब से जाने वाले हैं। और वो भी कोई सौ-दो सौ रुपये नहीं, बल्कि सीधे हजारों का बिल फटने वाला है। तो कम से कम तुम्हें यह तो पता होना चाहिए कि यह Bond Repair Treatment आखिर बला क्या है, यह काम कैसे करता है, इसके पीछे का असली विज्ञान क्या है, और सबसे बड़ी बात, तुम्हें इसकी सच में ज़रूरत है भी या सैलून वाले सिर्फ तुम्हारी जेब साफ करके अपनी चांदी काट रहे हैं? 
Bond Repair Treatment kya hota hai Hindi blog cover image damaged hair repair science salon treatment explained Shabir Grooming

  तो चलो, एक कप कड़क चाय बनाओ, आराम से बैठो और इस पूरी इनसाइड स्टोरी को समझो क्योंकि आज हम बालों का पूरा कच्चा-चिट्ठा खोलने वाले हैं।

 पहले समझो बालों के अंदर का केमिकल लोचा: आखिर बाल टूटते क्यों हैं?

   हमारे बाल ऊपर से देखने में जितने सिंपल और सीधे-सादे लगते हैं, अंदर से उनकी दुनिया उतनी ही उलझी हुई और कॉम्प्लिकेटेड है जितनी की किसी की रिलेशनशिप का स्टेटस😅। हम अक्सर सोचते हैं कि बाल सिर्फ एक धागा हैं, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। तुम्हारे बाल मुख्य रूप से एक बेहद मजबूत प्रोटीन से बने होते हैं जिसे Keratin कहते हैं। अब इस प्रोटीन को आपस में जोड़कर रखने के लिए और बालों को एक ठोस ढांचा देने के लिए इनके अंदर कुछ केमिकल बॉन्ड्स होते हैं। इनमें सबसे मजबूत और सबसे जरूरी बॉन्ड होता है Disulfide Bond।

ये Disulfide Bonds तुम्हारे बालों के अंदर बिल्कुल वैसे ही काम करते हैं जैसे किसी पुरानी और गहरी दोस्ती की नींव। जब तक यह नींव मजबूत है, तब तक सब कुछ बढ़िया चलता है। बाल शाइनी दिखते हैं, उनमें बाउंस होता है और वे खींचने पर आसानी से टूटते नहीं हैं। लेकिन जैसे ही इस दोस्ती में दरार आती है, सब कुछ बिखर जाता है।

अब सोचो जब तुम अपने बालों पर ब्लीच की पूरी बोतल उड़ेल देते हो, अमोनिया वाले कड़क कलर्स लगाते हो, या रोज़ बिना किसी हीट प्रोटेक्टेंट के गरम-गरम मशीनें चलाते हो, तो बालों के अंदर क्या बीतती है? इन सब हरकतों से वो बेचारे Disulfide Bonds अंदर से टूटने लगते हैं। केमिकल और हीट इन बॉन्ड्स को जलाकर खाक कर देते हैं

  नतीजा यह होता है कि बाल अंदर से एकदम खोखले, बेजान और कमजोर हो जाते हैं बाहर से तुम्हें क्या दिखता है? भयंकर हेयर फॉल, दोमुंहे बाल, रूखापन और बालों की वो अजीब सी इलास्टिक जैसी फीलिंग कि जरा सा खींचो और बाल बीच में से टूटकर हाथ में आ जाएं। इसी अंदरूनी टूट-फूट को ठीक करने के लिए जो केमिकल थेरेपी बनाई गई है, उसे ही हम बॉन्ड रिपेयर ट्रीटमेंट कहते हैं।

 तो Bond Repair Treatment असल में करता क्या है: छुपाने का काम या असली मरम्मत?

चलो इस बात को एक बहुत ही मजेदार और रियल लाइफ एग्जांपल से समझते हैं। मान लो तुम्हारे पास एक बहुत ही महंगी और पसंदीदा डेनिम की जैकेट है जो कई जगहों से बुरी तरह फट गई है। अब इस फटी हुई जैकेट को ठीक करने के तुम्हारे पास दो तरीके हैं। पहला तरीका यह है कि तुम बाजार जाओ और एक बढ़िया सा फैब्रिक ग्लू या कोई चमकती हुई स्टिकर पट्टी लाओ और उस फटे हुए हिस्से के ऊपर चिपका दो ताकि बाहर से वो फटी हुई जगह न दिखे। दूसरा तरीका यह है कि तुम एक कुशल दर्जी के पास जाओ जो एक-एक धागे को सुई से पिरोकर उस फटे हुए कपड़े को अंदर से सील कर दे, यानी उसकी असली मरम्मत कर दे।

सैलून में होने वाला मशहूर Keratin Treatment या सिस्टीन ट्रीटमेंट असल में वो पहला तरीका है। वो तुम्हारे बालों के ऊपर प्रोटीन और सिलिकॉन की एक भारी कोटिंग चढ़ा देता है जिससे बाल बाहर से एकदम सीधे, चमकदार और सिल्की दिखने लगते हैं। 

लेकिन अंदर की फटी हुई जैकेट वैसी ही रहती है। जैसे ही तीन-चार महीने बाद वो कोटिंग धुलती है, बाल वापस अपनी पुरानी हालत पर आ जाते हैं और पहले से भी ज्यादा ड्राई लगने लगते हैं।

इसके विपरीत, Bond Repair Treatment वो दूसरा तरीका है यानी धागे से की जाने वाली असली सिलाई। यह कोई कोटिंग नहीं है जो सिर्फ बाहर से चमकाए। यह ट्रीटमेंट बालों की सबसे अंदरूनी परत में घुसता है और उन टूटे हुए Disulfide Bonds को केमिकल लेवल पर जाकर वापस आपस में जोड़ता है। यह तुम्हारे बालों का मेकअप नहीं है, यह उनकी हीलिंग है, उनका इलाज है। यह पूरा का पूरा प्रोसेस मुख्य रूप से तीन बड़े स्टेप्स में काम करता है जो बालों की तकदीर बदल देते हैं।

 Bond को ढूँढना और जोड़ना

सैलून में जब इस ट्रीटमेंट का पहला स्टेप अप्लाई किया जाता है, तो इसके एक्टिव मॉलिक्यूल्स बालों के क्यूटिकल्स को पार करके सीधे कॉर्टेक्स के अंदर घुस जाते हैं। वहाँ जाकर ये उन सिंगल सल्फर हाइड्रोजन बॉन्ड्स को ढूंढते हैं जो ब्लीच या हीट की वजह से अकेले पड़ गए हैं और टूट चुके हैं। 

 यह सॉल्यूशन उन दोनों को पकड़कर वापस आपस में क्रॉस-लिंक कर देता है और एक नया बॉन्ड तैयार करता है। यह पूरा प्रोसेस पूरी तरह से साइंटिफिक है, लेकिन इसका असर किसी जादू जैसा महसूस होता है।

जो जुड़ा उसे lock करना

अब सोचो, दो टूटे हुए दोस्तों को तुमने मिला तो दिया, लेकिन अगर उनके बीच की कड़वाहट को दूर करके रिश्ते को मजबूत नहीं किया गया, तो वे फिर से लड़ पड़ेंगे। ठीक वैसे ही, पहले स्टेप में जो नए बॉन्ड्स बने हैं, वे बहुत नाजुक होते हैं। इसलिए तुरंत दूसरा स्टेप अप्लाई किया जाता है, जिसे हम स्टेबलाइजर या क्रिएटर सॉल्यूशन कहते हैं।

 इसका काम उन नए जुड़े हुए बॉन्ड्स को अपनी जगह पर मजबूती से फिक्स और लॉक करना होता है। अगर कोई सैलून वाला जल्दबाजी में इस दूसरे स्टेप को स्किप कर दे या कम समय के लिए लगाए, तो समझो पहले स्टेप की पूरी मेहनत और तुम्हारे पैसे दोनों पानी में बह गए।

बाहर की layer को seal करना

जब अंदर का ढांचा पूरी तरह से सुधर जाता है, तब बारी आती है बाहर की फिनिशिंग की। तीसरे स्टेप में बालों की सबसे बाहरी परत, जिसे हम क्यूटिकल कहते हैं, उसे पूरी तरह से स्मूथ और फ्लैट किया जाता है। क्यूटिकल्स बालों की सुरक्षा कवच की तरह होते हैं। 

जब ये सील हो जाते हैं, तो बालों के अंदर का मॉइश्चर और प्रोटीन बाहर नहीं भाग पाता। इसी स्टेप की वजह से बालों में वो कमाल की नेचुरल शाइन आती है और बाल छूने में बेहद सॉफ्ट लगते हैं। तीन स्टेप्स हुए तो बाल अंदर से स्ट्रॉन्ग और बाहर से शाइनी बन जाते हैं।

Real Example जो तुम्हें actually relate है जब राहुल का गोल्डन बॉय बनने का भूत उतरा

  यहाँ मैं तुम्हें अपने एक बहुत ही खास दोस्त राहुल की सच्ची कहानी सुनाता हूँ, जिससे तुम्हें पूरा माजरा एकदम क्रिस्टल क्लियर समझ आ जाएगा। राहुल भाई को एक दिन अचानक से ट्रेंडिंग रील्स देखकर भूत सवार हुआ कि उन्हें अपने घने काले बालों को पूरी तरह से ब्लोंड यानी सुनहरा करवाना है। लड़कों को भी आजकल इसका बहुत शौक होता है यार। उन्होंने एक सैलून में जाकर अपने बालों पर भारी मात्रा में ब्लीच लगवा लिया। दो-तीन हफ्ते तक तो वो बड़े कूल डूड बनकर घूमते रहे, लेकिन उसके बाद जो असली तांडव शुरू हुआ, उसे देखकर उनके होश उड़ गए।

केमिकल के ओवरडोज़ की वजह से उनके बालों के बॉन्ड्स पूरी तरह टूट चुके थे। हालत यह हो गई थी कि जब भी वो नहाकर निकलते, उनके बाल किसी गीली रुई या च्युइंग गम की तरह खींचते थे और हाथ लगाते ही टूट जाते थे। कंघी करने पर पूरा बेसिन बालों से भर जाता था। वो बुरी तरह डर गए कि कहीं वो पूरी तरह गंजे न हो जाएं।

तब जाकर उन्होंने एक हेयर एक्सपर्ट से बात की और वहां उन्हें समझ आया कि उनके बालों को अब किसी तेल या आम शैंपू की नहीं, बल्कि तुरंत बॉन्ड रिपेयर की जरूरत है। राहुल ने सैलून में जाकर दो प्रॉपर इन-सैलून बॉन्ड रिपेयर सेशन्स लिए और साथ ही घर पर इस्तेमाल करने वाली एट-होम किट को बेहद नियम से फॉलो किया। लगभग दो महीने के बाद उनके बालों का टूटना अस्सी परसेंट तक कम हो गया। बाल वापस से थोड़े बड़े और मजबूत महसूस होने लगे। इस कहानी से क्या सीख मिलती है? यही कि अगर तुमने अपने बालों के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ कर लिया है, तो बॉन्ड रिपेयर कोई लग्जरी नहीं बल्कि एक जरूरी फर्स्ट-एड बन जाता है।

वैसे एक बात और याद रखो। अगर तुम्हारे बाल बिना किसी ब्लीच या कलर के भी बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं, तो हो सकता है कि प्रॉब्लम बालों के बॉन्ड्स में नहीं बल्कि तुम्हारी बॉडी के अंदर चल रही हो। ऐसे में किसी भी महंगे ट्रीटमेंट पर पैसे फूंकने से पहले तुम्हें सही जांच करानी चाहिए। 🔗 👇 Hair Fall के लिए कौन से Blood Tests ज़रूरी हैं 👇 यहाँ क्लिक करके पूरी लिस्ट एक बार ज़रूर देख लो।

 कौन से Products हैं जो actually काम करते हैं और जो सिर्फ नाम के हैं?

आजकल मार्केट का यह हाल है कि तुम किसी भी लोकल दुकान पर चले जाओ या ऑनलाइन स्क्रॉल करो, हर दूसरे शैंपू और मास्क की बोतल पर बड़े-बड़े अक्षरों में Bond Repair या Bond Plex लिखा हुआ मिल जाएगा। कंपनियाँ जानती हैं कि यह शब्द आजकल ट्रेंड में है, इसलिए वो हर faint पांच रुपये के पाउच वाले शैंपू पर भी यह टैग चिपका रही हैं। लेकिन तुम्हें इस मार्केटिंग के जाल में नहीं फंसना है चलो तुम्हें कुछ ऐसे इंटरनेशनल और ऑथेंटिक ब्रांड्स के बारे में बताते हैं जो सच में इस टेक्नोलॉजी पर काम करते हैं।

 Olaplex

इस पूरी बॉन्ड-बिल्डिंग कैटेगरी का अगर कोई जन्मदाता या असली बाप है, तो वो है ओलाप्लेक्स। इनके पास एक पेटेंटेड मॉलिक्यूल होता है जो बॉन्ड्स को वापस जोड़ता है। इनका No.1 और No.2 सिर्फ बड़े सैलून्स के पास होता है जो chemical treatment के दौरान इस्तेमाल किया जाता है। 

लेकिन इनका No.3 Hair Perfector एक ऐसा जादुई प्रोडक्ट है जिसे तुम खुद बाजार से खरीदकर घर पर इस्तेमाल कर सकते हो। यह थोड़ा महंगा जरूर है, लेकिन डैमेज बालों के लिए यह आज भी बेस्ट माना जाता है।

K18

यह हेयर केयर इंडस्ट्री का एक नया और बेहद क्रांतिकारी प्रोडक्ट है। जहाँ बाकी ब्रांड्स केमिकल बॉन्ड्स को जोड़ने की बात करते हैं, वहीं K18 बालों के टूटे हुए केराटिन चेन्स को पेप्टाइड टेक्नोलॉजी के जरिए हमेशा के लिए वापस से सिल देता है। 

  इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे लगाने के बाद तुम्हें आधे घंटे तक बाथरूम में बैठने की जरूरत नहीं होती। बस बाल धोओ, इसे क्रीम की तरह लगाओ, 4 मिनट तक का इंतजार करो और उसके बाद सीधे अपने बाल सुखा लो। यह बहुत ज्यादा प्रभावी है।

Wella FUSIONPLEX और Schwarzkopf Fibreplex

  ये दोनों ही बेहद भरोसेमंद और प्रोफेशनल सैलून ब्रांड्स हैं। इनके पास जो एमीनो एसिड टेक्नोलॉजी है, वो बालों को टूटने से बचाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाती है।

  इनके सेशन्स तुम्हें ज्यादातर अच्छे सैलून्स में बजट फ्रेंडली रेट्स पर मिल जाते हैं। अगर तुम्हारा बजट ओलाप्लेक्स जितना भारी नहीं है, तो तुम सैलून जाकर वेला या श्वार्जकोफ का बॉन्ड रिपेयर ट्रीटमेंट आराम से ले सकते हो, इसके रिजल्ट्स भी काफी शानदार आते हैं। लेकिन इन्हें ट्रेंड हाथों से ही लगवाना पड़ता है।

Bond Repair Treatment कितने तरह का होता है?

अगर तुम इस ट्रीटमेंट को करवाने का मन बना रहे हो, तो तुम्हें यह भी पता होना चाहिए कि इसके अलग-अलग लेवल्स होते हैं। तुम अपनी जेब के बजट और बालों के डैमेज के हिसाब से सही ऑप्शन चुन सकते हो। मुख्य रूप से यह तीन कैटेगरीज में आता है।

Salon वाला Professional Treatment

यह सबसे ज्यादा असरदार और पावरफुल होता है। इसे प्रॉपर्ली ट्रेंड लोग ही करते हैं और इसमें ओरिजिनल कड़क प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल होता है।

 दिल्ली या मुंबई जैसे बड़े शहरों में इसके एक सेशन का खर्च 2000 से 8000 रुपये तक हो सकता है। यह महंगा जरूर है लेकिन अगर तुम्हारे बाल ब्लीच या स्मूदनिंग की वजह से पूरी तरह जल चुके हैं, तो यह पैसा पूरी तरह वसूल है।

 At-Home Treatment Kits

ओलाप्लेक्स No.3 जैसी चीजें तुम खुद बाजार से खरीदकर अपने घर के बाथरूम में इस्तेमाल कर सकते हो। हालांकि इसमें सैलून जैसा सौ परसेंट रिजल्ट तुरंत नहीं मिलता, लेकिन बालों को लगातार मेंटेन रखने के लिए यह एक नंबर चीज है। मार्केट में 1500 से 3500 के बीच में अच्छी ब्रांड्स की किट्स मिल जाती हैं।

Daily Use Shampoo और Conditioner

यह तुम्हारे टूटे हुए बालों को रातों-रात रिपेयर तो नहीं करते, लेकिन बालों को आगे होने वाले डैमेज EM से जरूर बचाते हैं। अगर तुम ऊपर के दोनों ट्रीटमेंट ले रहे हो, तो यह उनके असर को लंबे समय तक बालों में टिकाए रखता है।

अगर तुम सैलून के इन महंगे केमिकल ट्रीटमेंट्स से पूरी तरह दूरी बनाना चाहते हो और अपने बालों को बिल्कुल देसी और नेचुरल तरीके से साफ और मजबूत रखना चाहते हो, तो तुम्हें केमिकल वाले शैंपू को अलविदा कह देना चाहिए। 🔗 👇आयुर्वेदिक हेयर शैपू घर पर कैसे बनाएं यह गाइड एक बार यहाँ क्लिक करके ज़रूर देखो।

कब लेना चाहिए और कब बिल्कुल नहीं?

सैलून वालों का सीधा सा काम है कि जैसे ही कोई कस्टमर उनकी कुर्सी पर बैठा, उसे कोई न कोई महंगा सर्विस चेप दो। लेकिन तुम्हें एक स्मार्ट रीडर बनना है। तुम्हें पता होना चाहिए कि कब तुम्हें इस ट्रीटमेंट की सच में जरूरत है और कब सैलून वाला सिर्फ अपनी सेल्स का टारगेट पूरा करने के लिए तुम्हारे पीछे पड़ा है।

 ये चीजे हो रही हो तभी लो 

  • तुमने हाल ही में अपने बालों को बहुत ज्यादा लाइट या ब्लॉन्ड कराया है और बाल झाड़ू जैसे हो गए हैं।
  •  बालों को हाथ लगाने या खींचने पर वे किसी रबड़ की तरह स्ट्रेच हो रहे हैं और तुरंत स्नैप यानी टूट रहे हैं।
  •  तुम हर दूसरे दिन बालों पर ब्लो-ड्रायर या स्ट्रेटनिंग आयरन का भयंकर इस्तेमाल करते हो।
  • केमिकल ट्रीटमेंट के बाद बालों का टेक्सचर पूरी तरह रूखा और डल हो गया है।

 बिल्कुल मत लेना जब ये हो रहा हो 

  •  तुम्हारे बाल पूरी तरह से नेचुरल हैं, तुमने कभी उन पर कोई कलर नहीं लगाया और वे सिर्फ मौसम बदलने की वजह से थोड़े बहुत झड़ रहे हैं।
  •  तुम्हारे स्कैल्प पर बहुत ज्यादा डैंड्रफ, खुजली या कोई स्किन इंफेक्शन हो रखा है।
  • तुम्हारे बाल किसी अंदरूनी बीमारी जैसे थायराइड या आयरन डेफिशिएंसी के कारण झड़ रहे हैं।
विशेषकर अगर आपको PCOS की समस्या है और उस वजह से बाल झड़ रहे हैं, तो बाहर से कोई भी बॉन्ड रिपेयर ट्रीटमेंट कराने से कुछ नहीं होगा क्योंकि असली प्रॉब्लम आपके हार्मोन्स में है। इस बारे में पूरी सच्चाई जानने के लिए 🔗 👇 PCOS से बाल झड़ना क्यों होता है यहाँ क्लिक करके पूरी सच्चाई ज़रूर पढ़ो।

 घर पर कैसे करें, Step by Step पूरा गाइड

अगर तुम्हारे पास सैलून जाने का वक्त नहीं है या तुम सैलून के महंगे बिलों से बचना चाहते हो, तो कोई बात नहीं। तुम मार्केट से एक अच्छी एट-होम बॉन्ड रिपेयर किट खरीद सकते हो। इसे घर पर अप्लाई करने का एक खास तरीका होता है ताकि तुम्हें उसका पूरा रिजल्ट मिल सके।

 Step 1: बालों को साफ करें

  • ज्यादातर लोग सबसे बड़ी गलती यही करते हैं कि वे गंदे बालों के ऊपर ही ट्रीटमेंट लगा लेते हैं। 
  • ऐसा बिल्कुल नहीं करना है। 
  • एक अच्छे सल्फेट-फ्री शैंपू से बालों को धो लो और तौलिये से थपथपाकर एक्स्ट्रा पानी सुखा लो।
  •  बाल सिर्फ हल्के नम होने चाहिए, उनसे पानी टपकना नहीं चाहिए।

 Step 2: प्रोडक्ट अप्लाई करें

  • अब अपने हाथों में थोड़ी सी मात्रा में बॉन्ड रिपेयर सॉल्यूशन लो और उसे अपने बालों के छोटे-छोटे सेक्शंस बनाकर अच्छी तरह अप्लाई करो।
  •  ध्यान रहे कि इसे स्कैल्प पर रगड़ना नहीं है।
  •  इसका मुख्य काम बालों की लेंथ पर होता है।
  •  जड़ों से थोड़ा छोड़कर बालों के आखिरी सिरों तक इसे बहुत अच्छे से लगाएं।

 Step 3: शॉवर कैप लगाएं

  • प्रोडक्ट को बालों में लगाने के बाद एक चौड़े दांतों वाली कंघी से बालों को हल्के से संवार लें ताकि सॉल्यूशन पूरे बालों में बराबर फैल जाए।
  •  अब अपने बालों का एक जूड़ा बनाएं और सिर पर एक शॉवर कैप पहन लें।
  •  इसे कम से कम 20 से 30 मिनट के लिए बालों में छोड़ दें। 
  • इससे ज्यादा रखने की जरूरत नहीं है, बस प्रोडक्ट के इंस्ट्रक्शंस पढ़ लें।

 Step 4: rinse और कंडीशन करें

  • समय पूरा होने के बाद सादे पानी से बालों को बहुत अच्छे से तब तक धोएं जब तक कि सारा प्रोडक्ट बाहर न निकल जाए। 
  • इसके बाद एक अच्छा लाइटवेट कंडीशनर या हेयर मास्क लगाएं।
  •  कंडीशनर लगाना बेहद जरूरी है क्योंकि बॉन्ड रिपेयर सिर्फ अंदर से मजबूती देता है, बाहरी सॉफ्टनेस के लिए कंडीशनर चाहिए ही होता है।

Step 5: Air dry करें

  • बाल धोने के बाद स्ट्रेटनर या ब्लो-ड्रायर जैसी मशीनों को हाथ भी मत लगाएं।
  •  अपने बालों को नेचुरल हवा में ही सूखने दें।
  •  इस प्रोसेस को हफ्ते में एक बार करो अगर बाल बहुत ज्यादा डैमेज हैं।
  • Bond Repair Treatment infographic Hindi hair repair process damaged hair care tips salon science explained Shabir Grooming
  •  नॉर्मल मेंटेनेंस के लिए महीने में दो बार काफी है।
वैसे अगर तुम जिम जाते हो, बहुत ज्यादा वर्कआउट करते हो, तो पसीना और साल्ट्स तुम्हारे बालों के बॉन्ड्स को कमजोर कर सकते हैं। इसलिए फिटनेस लवर्स के लिए जो खास केयर होती है, उसके लिए तुम्हें 🔗 👇 Gym करने वालों के लिए Hair Care की पूरी guide यहाँ क्लिक करके एक बार ज़रूर देखनी चाहिए। 

 Keratin Treatment और Bond Repair Treatment, दोनों एक ही हैं क्या?

नहीं भाई, बिल्कुल नहीं  यह कंफ्यूजन मार्केट में बहुत सारे लोगों को होती है और इसी का फायदा सैलून वाले उठाते हैं। वे दोनों को मिलाकर एक ही खिचड़ी बना देते हैं ताकि तुमसे डबल पैसे वसूल सकें। लेकिन इन दोनों के बीच का अंतर बहुत बड़ा है जिसे तुम्हें हमेशा याद रखना है।

Keratin Treatment तुम्हारे बालों को स्मूथ, स्ट्रेट और फ्रिज़-फ्री बनाता है। यह असल में बालों के ऊपर प्रोटीन की एक बाहरी कोटिंग चढ़ा देता है जिससे बाल सिल्की और चमकदार दिखने लगते हैं। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे घर की टूटी दीवार पर ऊपर से बढ़िया सा पेंट कर दो, बाहर से दीवार अच्छी दिखेगी लेकिन क्रैक तो अंदर ही रहेगा। यह अंदर से बालों को कोई मजबूती नहीं देता।

Bond Repair Treatment का स्टाइलिंग से या बालों को सीधा करने से कोई सीधा लेना-देना नहीं है। यह अंदर से काम करता है। यह टूटे हुए बॉन्ड्स को केमिकल लेवल पर जाकर एक्चुअली रिपेयर करता है। इसे कराने के बाद तुम्हारे बाल सीधे नहीं होंगे, लेकिन हां, वे अंदर से इतने मजबूत हो जाएंगे कि उनका बीच में से टूटना बंद हो जाएगा।

कितना Effective है, झूठ नहीं बोलूँगा

   मैं यहाँ तुम्हें किसी बड़ी कंपनी की तरह झूठे और बड़े-बड़े वादे नहीं बेचूंगा कि इस ट्रीटमेंट को कराने के अगले ही दिन तुम्हारे बाल किसी टीवी विज्ञापन जैसे हो जाएंगे। चलो थोड़ा प्रैक्टिकल और जमीनी हकीकत की बात करते हैं। Bond Repair Treatment सच में बहुत ज्यादा इफेक्टिव है और इसके पीछे पूरी साइंस काम करती है, यह बात बिल्कुल सच है। लेकिन यह कोई जादू की छड़ी नहीं है।

अगर तुम्हारे बाल केमिकल की वजह से इस कदर जल चुके हैं कि उनका कबाड़ा हो चुका है, तो यह ट्रीटमेंट उन्हें वापस बिल्कुल वैसा 100 परसेंट नेचुरल नहीं बना सकता जैसे वे हुआ करते थे। जो डैमेज बहुत ज्यादा गंभीर होता है, वो हमेशा के लिए होता है। यह ट्रीटमेंट तुम्हारे डैमेज बालों को काफी हद तक संभाल सकता है, उनका टूटना बहुत कम कर सकता है और उन्हें एक हेल्दी लुक दे सकता है।

 लेकिन अगर तुम यह सोचकर जा रहे हो कि एक रात में सब ठीक हो जाएगा, तो तुम अपना दिल दुखा लोगे।

एक बात जो हमेशा याद रखना दोस्त 

 सैलून के चक्कर काटने और महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने से पहले एक बात अपने दिमाग में अच्छे से बिठा लो। Bond Repair Treatment तुम्हारे बालों को सुधारने का सिर्फ एक टूल है, यह तुम्हारी हर समस्या का आखिरी परमानेंट सॉल्यूशन नहीं है। सोचो, तुम एक तरफ तो हजारों रुपये खर्च करके अपने बालों के बॉन्ड्स को रिपेयर करवा रहे हो, और दूसरी तरफ सैलून से बाहर निकलते ही तुम वापस वही सारी हरकतें शुरू कर देते हो जिससे बाल डैमेज हुए थे।

बालों की असली ताकत और असली खूबसूरती कभी भी किसी बाहरी बोतल से नहीं आती, वो हमेशा तुम्हारी बॉडी के अंदर से आती है। जब तक तुम अपनी डाइट में अच्छा प्रोटीन शामिल नहीं करोगे, जरूरी मात्रा में पानी नहीं पियोगे, अपने शरीर में आयरन और विटामिंस का लेवल मेंटेन नहीं रखोगे, तब तक कोई भी महंगा ट्रीटमेंट तुम्हारे बालों को लंबे समय तक नहीं बचा सकता। और बालों का सबसे पुराना और सच्चा दोस्त कौन है? आंवला। आंवला के अंदर जो गजब के गुण होते हैं, वो बालों की जड़ों को मजबूत बना देते हैं। इस बारे में जानने के लिए 🔗 👇Amla के वो benefits जो science भी मानती हैयहाँ क्लिक करके एक बार ज़रूर पढ़ो।

 Conclusion जो थोड़ा चुभेगी लेकिन सच है

 तो यारों, पूरी बात का सीधा निचोड़ यही है कि अगर तुम यह सोचकर Bond Repair Treatment लेने जा रहे हो कि एक बार में सब ठीक हो जाएगा और तुम फिर से बालों पर एक्सपेरिमेंट करने के लिए आजाद हो जाओगे, तो थोड़ा रुको। यह ट्रीटमेंट उन्हीं के लिए है जो समझते हैं कि रिपेयर एक प्रोसेस है, एक दिन का मिरेकल नहीं।

सैलून वाले तुम्हें बेचेंगे, बड़े-बड़े ब्रांड्स तुम्हें विज्ञापन दिखाएंगे। लेकिन तुम्हारे बाल तुम्हारे हैं और पैसा भी तुम्हारा है। इसलिए किसी के बहकावे में आकर अंधाधुंध पैसे मत उड़ाओ। 

 अपने बालों को समझो, उनकी ज़रूरत समझो, और तब जाकर कोई डिसीजन लो। जो लोग बालों की साइंस को समझकर केयर करते हैं, उनके बाल सालों तक अच्छे रहते हैं। और जो आँखें बंद करके हर नए ट्रेंड के पीछे भागते हैं, वो हर छे महीने में एक नई प्रॉब्लम लेकर सैलून के चक्कर काटते हैं। चॉइस तुम्हारी है, तुम पहले वाले बनना चाहते हो या दूसरे वाले।

 Disclaimer

इस आर्टिकल में दी गई तमाम जानकारी सामान्य जागरूकता और शिक्षा के उद्देश्य से लिखी गई है। इसे किसी भी तरह की पेशेवर चिकित्सा सलाह या प्रमाणित डर्मेटोलॉजिस्ट के ट्रीटमेंट का विकल्प न समझा जाए। हर व्यक्ति के बालों की बनावट और उनके शरीर की अंदरूनी कंडीशन पूरी तरह से अलग होती है। इसलिए, इस लेख में बताए गए किसी भी प्रोडक्ट या तरीके को अपने ऊपर आजमाने से पहले एक छोटा सा पैच टेस्ट अवश्य कर लें या किसी हेयर एक्सपर्ट से व्यक्तिगत सलाह जरूर लें


Post a Comment

0 Comments